टॉयलेट बताएगी कितनी है आपकी कमाई, रिसर्च में खुलासा



नई दिल्ली: आपकी कमाई के बारे में हर कोई जानना चाहता है।  कई बार कम कमाने वाला व्यक्ति अपनी कमाई ज्यादा बता देता हैं और ज्यादा कमाने वाला किसी की नजर लगने से डर से अपनी कमाई कम बताता है। हालांकि अब आपकी कमाई किसी से नहीं छिप सकेगी। दरअसल अब आपके मल-मूत्र से आपकी कमाई के बारे में पता लगाया जा सकता है। हमारी बात सुनकर आप चौंक गए होंगे।

ऑस्ट्रेलिया की क्वींसलैंड यूनिवर्सिटी की प्रयोगशाला ने ऑस्ट्रेलिया की 20 फीसदी से ज्यादा आबादी के मल-मूत्र के नमूनों को एकत्र कर उन पर शोध किया है। देश के अपशिष्ट जल शोधन संयंत्रों से मल-मूत्र के नमूने लेकर यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं को भेजे गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, इन मल-मूत्र के नमूनों को ठंडा किया गया था। इन नमूनों के आधार पर लोगों के आहार और दवा की आदतों की जानकारी जुटाई गई है।

यह शोध ओ'ब्रायन और पीएचडी उम्मीदवार फिल चोई ने किया है। उन्होंने पाया कि जिन मल-मूत्रमें फाइबर, साइट्रस और कैफीन की मात्रा ज्यादा थी, वे क्षेत्र आर्थिक रूप से काफी समृद्ध थे। वहीं, जिन क्षेत्रों में मल-मूत्र में फाइबर, साइट्रस और कैफीन की मात्रा कम थी, वे कम संपन्न क्षेत्र थे और यहां के लोगों में दवाई की खपत ज्यादा थी।

 शोधकर्ताओं ने यह भी माना है कि आर्थिक रूप से मजबूत लोगों के मल-मूत्र से यह बात सामने आई है कि इन लोगों का आहार स्वस्थ था। शोधकर्ता चोई और ओ'ब्रायन का कहना है कि इस तरह के शोध से लोगों की जीवनशैली  में बदलाव किया जा सकता है। इससे पता चलता है कि किस इलाके में रहने वाले लोग कैसा खाना खा रहे हैं और उनका जीवन कैसा है। इससे स्वास्थ्य से जुड़ी नीतियां बनाने में मदद मिलती है।


 



Comments