बाजारों में गूंज रही आकाशवाणी, इंदौर को प्रेरित कर रही मास्क के प्रति व्यापारियों की जागरूकता
इंदौर: लॉकडाउन खुलने के बाद इंदौर में भले ही व्यापार अब भले ही सामान्य तरीके से चल रहा हो लेकिन कोरोना के खतरे को देखते हुए शहर के व्यापारी अभी भी पूरी सावधानी बरत रहे हैं। कोरोना से बचाव के लिए व्यापारियों ने 'मास्क ही वैक्सीन' का सूत्र वाक्य अपना लिया है। सुरक्षा को लेकर चिंता के बीच बीमारी को लेकर जागरूकता शहर को प्रेरित कर रही है।
सर्राफा बाजार में आने वाले हर ग्राहक को व्यापारी जागरूक कर रहे हैं। बाजार में आने-जाने वाले हर ग्राहक की निगरानी बाजार के दोनों छोर से की जा रही है। इतना ही नहीं, थोड़ी-थोड़ी देर में मास्क के उपयोग के लिए व्यापारी एसोसिएशन की आकाशवाणी भी गूंजती रहती है।
बाजार के दोनों एंट्री पाइंट पर गार्ड आनेजाने वालों को बिना मास्क गुजरने नहीं देते। मास्क की आड़ में असामाजिक तत्व भी लाभ उठा सकते हैं। लिहाजा जब ग्राहक दुकान में प्रवेश करता है तो मास्क हटाकर उसका चेहरा कुछ सेकंड के लिए कैमरे में रिकॉर्ड करते हैं। फिर मास्क पहनाकर व सैनिटाइज करने के बाद ही सामान दिखाते या व्यापार की बात करते हैं।
यहां दुकानें छोटी हैं ऐसे में शारीरिक दूरी का पालन मुश्किल है। लिहाजा दुकानदार मास्क का सख्ती से पालन कर रहे हैं। बचाव के लिए फेस शील्ड और काउंटर को पारदर्शी स्क्रीन से कवर किया गया है। गौरतलब है कि, पिछले दिनों सर्राफा बाजार में कोरोना तेजी से फैला था। सेल्फ लॉकडाउन का निर्णय लेने वाला भी यही पहला बाजार था।

Comments
Post a Comment