भारत में मिला कोरोना का नया स्ट्रेन, ब्रिटेन से आए 6 यात्री संक्रमित
नई दिल्ली: देश में पिछले करेब 10 महीने से कोरोना कोहराम मचा रहा है। ये संक्रमण अभी थमा ही नहीं था कि अब इसका नया स्ट्रेन चिंता बढ़ा रहा है। भारत में कोरोना के नए स्ट्रेन की एंट्री हो गई है। ब्रिटेन की यात्रा से भारत लौटे 6 यात्रियों में कोरोना के नए स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर इन सभी यात्रियों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करा दिया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबित इनमें 3 सैंपल की NIMHANS, बेंगलुरु में पुष्टि हुई है। इसके अलावा 2 CCMB, हैदराबाद में मिले हैं और 1 NIV, पुणे में मिला है। वहीं जिन लोगों के सैंपल नए स्ट्रेन से पॉजिटिव पाए गए हैं, उन्हें राज्य सरकारों के जरिए निर्देश दिए गए अलग कमरे में आइसोलेट किया गया है।
नए स्ट्रेन से संक्रमित पाए गए यात्रियों के निकट संपर्क में आए लोगों को तलाशकर क्वारंटीन किया जा रहा है। इसके साथ ही उनके साथ यात्रा कर चुके सहयात्रियों, परिवार के लोगों और अन्य परिचितों को भी तलाशा जा रहा है। इन यात्रियों में मिले कोरोना के नए Genome की लगातार जांच चल रही है।
दरअसल, 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक यूके से करीब 33 हजार लोग भारत आए थे। इन सभी लोगों को ट्रैक किया गया और उनका टेस्ट करवाया गया। इसमें से कुल 114 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले थे,जिसके बाद इनके सैंपल का जीनोम स्किवेंसिंग किया गया था। इन्हें देश में 10 लैब (एनआईबीएमजी कोलकाता, आईएलएस भुवनेश्वर, एनआईवी पुणे, सीसीएस पुणे, सीसीएफडी हैदराबाद, सीडीएफडी हैदराबाद, इनामो बेंगलुरु, निमहंस बेंगलुरु, आईजीआईबी दिल्ली, एनसीडीसी दिल्ली) में भेजा गया, जहां इनकी जांच हुई।
अब तक डेनमार्क, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, इटली, स्वीडन, फ्रांस, स्पेन, स्विटजरलैंड, जर्मनी, कनाडा, जापान, लेबनान और सिंगापुर में 'ब्रिटेन' वाला कोरोना स्ट्रेन के पहुंचने की पुष्टि हो चुकी है। इसके बाद से इनमें से कई देशों ने ब्रिटेन से फ्लाइटों के दोबारा आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही देश में पहुंचे यात्रियों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

Comments
Post a Comment