कोरोना वैक्सीन के नाम पर ठगने वाला गैंग सक्रिय, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
भोपाल: कोरोना वैक्सीन के नाम पर ठगी करने के लिए मध्यप्रदेश में साइबर गैंग सक्रिय हो गया है। इसको देखते हुए पुलिस भी अलर्ट हो गई है। इसी बीच राजधानी भोपाल से ठगी का मामला भी सामने आया है। यहां एक छात्र से ठगी की कोशिश की गई, जिसके बाद उसने साइबर पुलिस से इसकी शिकायत की।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी की तलाश में जुट गई। साथ ही कोरोना वैक्सीन की वजह से कोई ठगी का शिकार ना हो जाए इसके लिए अलर्ट भी जारी किया है। पुलिस ने एक एडवाइजरी भी तैयार की है।
इंदौर में कोरोना के नए स्ट्रेन की एंट्री! स्कॉटलैंड से लौटा व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव
एडिशनल एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि भोपाल में एक छात्र को वैक्सीन के प्री रजिस्ट्रेशन के नाम पर ठगने की कोशिश की गई। पढ़े लिखे होने की वजह से छात्र साइबर अटैक के झांसे में नहीं आया और उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी। छात्र को कॉल करने वाले शख्स ने खुद को केंद्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी बताया। उसने छात्र से कहा कि भारत में कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। बाद में रजिस्ट्रेशन फीस ज्यादा लगेगी इसलिए पहले करवाने में सिर्फ 500 रुपए लगेंगे। बाकी रुपए वैक्सीन लगाने के दौरान लिए जाएंगे।
रजिस्ट्रेशन के लिए आपके मोबाइल पर ओटीपी नंबर आएगा। आपको उसे शेयर करना है। इसके बाद आपका रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। छात्र को पता था कि अभी वैक्सीन आई नहीं है तो फिर रजिस्ट्रेशन किस बात का इसलिए उसने फौरन सायबर पुलिस में शिकायत कर दी।. शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस उस अज्ञात आरोपी का तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता लगाने की कोशिश कर रही है। हालांकि अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जब सत्ता खोकर नायक बन गए थे अटल जी
एएसपी सकलेचा ने कहा भारत की जनसंख्या करीब 130 करोड़ है। वैक्सीन के 10 करोड़ डोज आने की बात की जा रही है। इसी का फायदा उठाकर सायबर ठग लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं। ठगों से बचने के लिए पुलिस ने आम जनता के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है।
- -कोरोना वैक्सीन के लिए आए फोन कॉल को अटेंड न करें।
- -रजिस्ट्रेशन के नाम पर आप अपना आधार नंबर या फिर कोई भी पर्सनल जानकारी किसी को ना दें।
- - आपके मोबाइल पर OTP आता है तो उस पर भरोसा ना करें और आगे किसी तरीके की प्रक्रिया ना करें।
- - किसी भी तरीके का वैक्सीन से जुड़ा लिंक या फिर जानकारी पर क्लिक ना करें।
- - वैक्सीन के नाम पर आने वाले अज्ञात शख्स के फोन पर भरोसा ना करें।

Comments
Post a Comment