और बढ़ा जश्न का इंतजार, नहीं सुनाई देगा 'Happy New Year' का शोर
इंदौर: बात जब सेलिब्रेशन की हो तो इंदौर वाले इसमें सबसे आगे रहते हैं। चाहे फिर वो दिवाली का मजा हो, होली की मस्ती हो, नवरात्रि का गरबा हो या न्यू इयर की धूम हो। इस साल कोरोना के चलते ये सभी त्यौहार फीके रहे हैं और अब न्यू इयर पार्टी का मजा भी फीका ही नजर आ रहा है। कोरोना ने तमाम सेलिब्रेशंस पर लंबा ब्रेक लगा दिया है।
शहर में वैसे तो हर साल न्यू ईयर के दिन वाटर पार्क में पूल पार्टियों का चलन हैं, लेकिन प्रशासन ने वाटर पार्क खोलने को लेकर अब तक कोई आदेश नहीं दिए हैं। कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए लगता है कि, होटल, पब और वाटर पार्क्स में 'Happy New year' का शोर भी सुनाई नहीं देगा। गौरतलब है कि 23 मार्च से देशभर में लगे लॉकडाउन के बाद से ही वाटर पार्क बंद है।
कोविड गाइडलाइंस के नाइट कर्फ्यू और इंदौर में बन रहे नए कंटेनमेंट जोन को देखते हुए लगता है प्रशासन न्यू ईयर पार्टी के हक में कोई फैसला नहीं देगा। पिछले 8 महीनों से बंद पड़े वाटर पार्क और स्विमिंग पूल के चलते अब यहां के कर्मचारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। गर्मी के सीजन में वाटर पार्क्स में लोगों की भीड़ रहती है लेकिन इस बार एक भी टिकट नहीं बिका है।
इंदौर में एक वाटर पार्क के मैनेजर बताते हैं कि कर्मचारियों को पिछले 8 महीने से बिना काम के वेतन देना पड़ रहा है। उन्हें बस इसी बात से उम्मीद है कि कोरोना का प्रकोप खत्म हो और प्रशासन जल्द ही वाटर पार्क खोलने की अनुमति दे। गर्मियों और शादियों में हर साल बम्पर बुकिंग होती थी, जो कोरोना की वजह से बंद है। अब नए साल के लिए होने वाली न्यू ईयर पार्टी भी पार्क में नहीं होने वाली।

Comments
Post a Comment