भारत में पैर पसार रहा कोरोना का नया स्ट्रेन, सामने आए पांच नए केस

 



नई दिल्ली: ब्रिटेन से शुरू हुआ कोरोना का नया स्ट्रेन भारत में अपने पैर पसार रहा है। कोरोना का ये नया वैरिएंट लोगों को तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। देश में भी कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस नए स्ट्रेन के पांच और नए मरीज सामने आए है, जिसके बाद कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक, चार नए मामलों की पहचान एनआईवी पुणे में हुई है, वहीं एक नया केस आईजीआईबी दिल्‍ली की जांच में सामने आया है।  कोरोना के नए स्‍ट्रेन से संक्रमित सभी 25 मरीज हेल्‍थ फैसिलिटीज में फिजिकल आइसोलेशन में हैं। ये नया स्ट्रेन छोटे बच्चों को तेजी से अपने कब्जे में ले रहा है।

देश में अब तक दो बच्चों में इस नए स्‍ट्रेन की पुष्टि हुई है। अब तक ये माना जाता था कि बच्चे कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित हैं।  कोरोना का नया स्‍ट्रेन आंध्र प्रदेश से लेकर, नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ तक पहुंच गया है। ये संक्रमण उन लोगों में मिला है जो हाल ही में ब्रिटेन से भारत वापस आए हैं।

नवंबर से अब तक लगभग 35 हजार लोग ब्रिटेन से भारत आ चुके हैं और अब इन सभी लोगों का अनिवार्य रूप से RT-PCR टेस्ट होगा।अब सरकार 9 दिसंबर से 22 दिसंबर के बीच विदेश से आए सभी कोरोना संक्रमितों का Genome Sequencing Test भी करवाएगी। इस टेस्ट से ये पता चलेगा कि ये लोग वायरस के नए स्‍ट्रेन  से संक्रमित हुए हैं या नहीं।


Comments