इंदौर में कोरोना के नए स्ट्रेन की एंट्री! स्कॉटलैंड से लौटा व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव


इंदौर:
ब्रिटेन में फैले कोरोना के नए स्ट्रेन को देखते हुए भारत ने अतिरिक्त सावधानी बरतना शुरू कर दिया है। राज्य सरकारें भी इसको लेकर अलर्ट हो गई है और जिला कलेक्टरों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। इसी बीच एक हफ्ते पहले स्कॉटलैंड से इंदौर लौटा 29 वर्षीय युवक शुक्रवार को कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके बाद उसे शहर के एक सरकारी अस्पताल के अलग हिस्से में भर्ती किया गया है।

सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के प्रभारी सुमित शुक्ला ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल सका है कि मरीज कोरोना वायरस के उसी नए प्रकार से संक्रमित है जो ब्रिटेन में सामने आया है। उन्होंने बताया कि हम यह पता लगाने के लिए मरीज का नमूना दिल्ली या पुणे की उच्चस्तरीय प्रयोगशाला में भेजेंगे कि वह कोरोना वायरस के किस विशिष्ट प्रकार से संक्रमित हुआ है?’

शुक्ला ने बताया कि मरीज में महामारी के लक्षण नहीं है और उसे अस्पताल की तीसरी मंजिल के अलग हिस्से में विशेष निगरानी में रखा गया है। इस हिस्से में उसके अलावा कोई अन्य मरीज भर्ती नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 29 वर्षीय युवक स्कॉटलैंड से दिल्ली होता हुआ 18 दिसंबर को इंदौर लौटा था।

 इसकी जानकारी मिलते ही मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत उसका नमूना लेकर आरटी-पीसीआर पद्धति से कोविड-19 की जांच के लिए भेजा गया जो संक्रमित पाया गया। मरीज के परिवार के सदस्यों को शहर के एक अलग-वास केंद्र में रखा गया है।

 

Comments