2024 में होगा क्रांतिकारी बदलाव! देश के किसी भी कोने से चुन सकेंगे अपना नेता
नई दिल्ली: आज के समय में चुनाव के दौरान कई लोग सिर्फ इसलिए वोट नहीं दे पाते क्योकि वे उस समय अपने गृह क्षेत्र में नहीं होते हैं। अब ये कल्पना सच हो सकती है कि कोई भी देश के किसी भी कोने में बैठकर अपने गृह क्षेत्र में अपने पसंदीदा उम्मीदवार को चुन सकता है। लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा, व्यक्ति कहीं भी रहकर वोट दे सकेगा।
इसको लेकर निर्वाचन आयोग में चर्चा चल रही है कि ईवीएम को कैसे सक्षम बनाया जाए। आयोग में फिलहाल इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अन्य तकनीकी, व्यावहारिक और कानूनी पहलुओं पर गहन मंथन चल रहा है। निर्वाचन आयोग के सूत्रों के मुताबिक, विशिष्ट ईवीएम में ऐसी डायनामिक सूची होगी, जिसके ज़रिए कोई भी मतदाता अपने गृह राज्य, गृह की विधान सभा को खोज कर अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट कर सकेगा।
मौजूदा समय में किसी भी ईवीएम के बैलेट यूनिट में सिर्फ उसी इलाके और चुनाव के उम्मीदवारों की सूची रहती है, जहां उसका इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन डायनेमिक ईवीएम में डाटा सेव करने की जबरदस्त क्षमता होगी। इसमें व्यक्ति कहीं भी बैठकर अपने गृह क्षेत्र में वोट कर सकेगा। बस वहां की मतदाता सूची में नाम दर्ज होना चाहिए और उसी अनुरूप वोटर आईडी कार्ड भी ज़रूरी है।
अब निर्वाचन आयोग में चल रहे मंथन के मुताबिक, कोई दस हज़ार ऐसी डायनेमिक ईवीएम से ये क्रांतिकारी परिवर्तन किया जा सकता है, क्योंकि हरेक जिले में अगर ऐसी पांच छह मशीनें दूरदराज और शहरी इलाकों में तैनात करा दी जाएं और बड़े शहरों में उसी अनुपात में इनकी तादाद बढ़ा दी जाए। महानगरों में जहां प्रवासियों की संख्या बहुत ज़्यादा रहती है, वहां भी इनकी बड़ी संख्या में तैनाती करने से मकसद हल हो सकता है।
अगर सब कुछ योजनाबद्ध तरीके से सुचारू और अनुकूल रहा साथ ही आशानुरूप नतीजे आए तो कोई आश्चर्य नहीं कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इस तकनीक से क्रांतिकारी बदलाव देश के लोकतान्त्रिक इतिहास में नई इबारत लिखा जाएगा। मतदाता देश में कहीं भी रहता हुआ अपने गृह क्षेत्र में मतदान करेगा।

Comments
Post a Comment