खस्ताहाल पाकिस्तान: दो वक्त का खाना मुश्किल, गेहूं 60 तो अदरक हजार रुपए किलो
नई दिल्ली: पाकिस्तान में नया पाकिस्तान का मुद्दा लेकर सत्ता में आई इमरान सरकार का ये एजेंडा धराशाई होता दिख रहा है। इमरान सरकार आने के बाद से ही पड़ोसी मुल्क की अर्थव्यवस्था इतनी चरमरा चुकी है कि वहां के लोग भयंकर महंगाई की मार झेल रहे हैं। पाकिस्तान में महंगाई हर दिन नया रिकॉर्ड बना रही है।
.
पड़ोसी मुल्क में महंगाई की हालत ये है कि, वहां एक अंडे की कीमत 30 रुपए, अदरक एक हजार रुपए किलो, गेहूं 60 रुपए किलो बिक रहा है। वहां हालात इतने बुरे हो चुके हैं कि अगर आप थोक में दर्जन के भाव से अंडे खरीदते हैं तो आपको 240 रुपए देने होंगे और अगर आप सिर्फ एक अंडा खरीदेंगे तो 30 रुपए देने होंगे।
पाकिस्तान के ज्यादातर राज्यों में चिकन 300 रुपए किलो बिक रहा है। ऐसा नहीं है कि महंगाई की ये मार सिर्फ पोलेट्री उत्पादों पर है, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों के हर सामान की कीमत पाकिस्तान में आसमान छू रही है। पाकिस्तान में अदरक 1000 रुपए किलो तो चीनी 104 रुपए प्रति किलो बिक रही है।
घरेलू गैस संकट से जूझ रहे इमरान खान के नए पाकिस्तान में लोगों को दो वक्त का खाना भी नसीब नहीं हो रहा है। गेहूं भी 60 रुपए किलो बिक रहा है जिसके बाद आटे की कीमतों में भी आग लगी हुई है। पाकिस्तान की करीब 25 फीसदी जनता गरीबी रेखा से नीचे जीवन गुजारती है।
ठंड के मौसम में जैसे ही अंडों और अदरक की खपत बढ़ी इनकी कीमतों ने आसमान छू लिया। पाकिस्तान इन दिनों भीषण खाद्यान की कमी से जूझ रहा है। देश में गैस की स्पलाई करने वाली कंपनी सुई नॉर्दन प्रतिदिन 500 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट गैस की कमी से जूझ रही है। अगर जल्द ही इमरान सरकार ने गैस खरीदने का फैसला नहीं किया तो पाकिस्तान में लोगों के घर चूल्हे जलने भी बंद हो जाएंगे।

Comments
Post a Comment