उज्जैन: क्षिप्रा नदी में हो रहे धमाके, निकल रहे अंगारे और धुआं


 उज्जैन: मध्यप्रदेश के उज्जैन में कुछ अजीबोगरीब घटना घट रही है। इन दिनों पुण्यसलिला क्षिप्रा नदी कौतूहल का विषय बनी हुई है। दरअसल, नदी में बीते कुछ दिनों से धमाके हो रहे है। इसको देखते हुए स्थानीय प्रशासन अलर्ट हो गया है। क्षिप्रा नदी पर त्रिवेणी स्टॉपडेम के पास बने घाट के सामने नदी में धमाके हो रहे हैं। धमाके के दौरान नदी से चिंगारी और धुआं भी निकल रहा है।

यहां देखें वीडियो

पहला धमाका 26 फरवरी को हुआ जिसके बाद रोज़ाना कुछ समय के अंतराल पर यह धमाके हो रहे हैं। नदी में जिस जगह यह धमाके हो रहे हैं, वहां से कुछ ही दूरी पर पूर्णिमा या अमावस्या का स्नान होता है। ऐसे में स्थानीय गांव वालों में धमाकों के बाद दहशत का माहौल है।

 फिलहाल यहां जल संसाधन विभाग के एक कर्मचारी को तैनात कर दिया गया है। स्थानीय कलेक्टर आशीष सिंह ने भी नदी के उस क्षेत्र का दौरा किया है जहां धमाके हो रहे हैं। उज्जैन कलेक्टर ने कहा कि कर्मचारियों और ग्रामीणों ने धमाके के वीडियो बनाए हैं। भूगर्भ विशेषज्ञ को बताया तो उन्होंने भूगर्भीय हलचल की आशंका जताई है, जिसके चलते मैंने जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया को पत्र लिखा है।

 



Comments