19 दिनों बाद अपने पैरों पर खड़ीं हुईं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी


कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार भी मंगलवार को थम गया है। इस चरण में सबसे हॉट बनी हुई नंदीग्राम में भी वोटिंग होगी। इसी बीच चुनाव प्रचार के दौरान चोटिल हुईं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 19 दिनों बाद अपने पैरों पर खड़ीं हुईं हैं। नंदीग्राम में चुनाव प्रचार थमने से कुछ देर पहले ममता बनर्जी पैरों पर खड़ी हुईं और राष्ट्रगान गाकर नंदीग्राम चुनाव प्रचार ख़त्म किया।

चुनावी सभा के दौरान ममता बनर्जी ने अपने विश्वस्त सहयोगी सुब्रत बख्शी और डोला सेन को अपनी तरफ आने का इशारा किया। इसके बाद उनके सहारे से वह अपने पैरों पर खड़ी हुईं। ममता बनर्जी असहज लग रही थी, लेकिन टीएमसी के दो नेता उन्हें पकड़े हुए थे, जिनके सहारे वह मंच पर खड़ी रही और राष्ट्रगान गाने में अन्य का साथ देती रहीं। हालांकि राष्ट्रगान पूरा होते ही वह फिर व्हीलचेयर पर बैठ गईं और बाद में उनके सुरक्षा कर्मी उन्हें मंच से नीचे ले आए।

यहां देखें वीडियो

गौरतलब है कि, 10 मार्च को ममता बनर्जी नंदीग्राम के बिरुलिया गांव में चुनाव प्रचार के दौरान घायल हो गई थीं। उनके बाएं पैर में चोट लगी थी और उस पर प्लास्टर लगा है। इसके बाद से ही वह व्हीलचेयर पर बैठकर ही चुनाव प्रचार कर रही हैं। उन्होंने रोड शो भी व्हील चेयर पर बैठकर किया।

इस विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी अपनी पारंपरिक सीट भवानीपुर को छोड़कर नंदीग्राम से चुनाव लड़ रही है। इस सीट से उनके सबसे करीबी रहे शुभेंदु अधिकारी भाजपा की और से उन्हें टक्कर दे रहे हैं। ऐसे में ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच की चुनावी जंग चर्चा का विषय बनी हुई है और नंदीग्राम सीट पर सबकी नजरें टिकी हुई है।


Comments