पेट्रोल-डीजल के दामों पर फिर होगा असर!, मोदी सरकार उठा रही बड़ा कदम



नई दिल्ली: पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों से आम आदमी परेशान है। इस मामले पर विपक्ष भी लगातार मोदी सरकार पर हमलावर है। इसी बीच आम आदमी को राहत देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, सरकार पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने की तैयार कर रही है। वित्त मंत्रालय जल्द ही इसका फैसला ले सकता है कि, कितनी कटौती होगी।

गौरतलब है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें देश में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। इसकी वजह से विपक्ष द्वारा सरकार की काफी आलोचना हो रही है और यह मांग की जा रही है कि केंद्र और राज्य सरकारें टैक्सेज में कटौती करें। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास भी यह कह चुके हैं कि सरकारों को टैक्सेज में कटौती करनी चाहिए। अभी पेट्रोल और डीजल की कीमत में टैक्सेज का हिस्सा बहुत ज्यादा होता है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, वित्त मंत्रालय ने अब राज्य सरकारों, तेल कंपनियों और पेट्रोलियम मंत्रालय के साथ इस मसले पर विचार करना शुरू किया है। सूत्रों का कहना है ऐसे रास्ते तलाशे जा रहे हैं कि उपभोक्ताओं को राहत दी जाए और सरकारी खजाने पर ज्यादा बोझ भी नहीं पड़े।

एक सूत्र ने बताया, 'हम ऐसे तरीकों पर विचार कर रहे हैं कि कीमतें किस तरह से स्थ‍िर रखी जाएं. हम मार्च के मध्य तक इस बारे में कोई निर्णय ले लेंगे। सरकार टैक्सेज में कटौती से पहले इस बात का इंतजार करेगी कि कच्चे तेल कीकीमतें स्थ‍िर हो जाएं. ताकि आगे फिर टैक्स में बढ़ोतरी की जरूरत न पड़े।'

पेट्रोल की कीमत में करीब 60 फीसदी हिस्सा तो टैक्स का ही होता है। करीब 36 रुपये लीटर की लागत में आने वाला पेट्रोल दिल्ली में 91 रुपये के आसपास बिक रहा है यानी इसमें करीब 55 रुपये का टैक्स ही लग रहा है।
 
 



Comments