ऐसे हालात रहे तो गंभीर होगी कोरोना की स्थिति, बढ़ेगा मौत का आंकड़ा
मुंबई: देश में बढ़ रहे कोरोना के मामलों के बीच महाराष्ट्र में स्थिति बेकाबू हो रही है। संक्रमण को काबू में करने के लिए सरकार और प्रशासन कई सख्त नियम लागू कर रहे है। इसी बीच स्वास्थ्य विभाग ने आशंका जताई है कि, 4 अप्रैल तक राज्य में कोरोना के मामले बढ़कर तीन लाख तक पहुंच जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि, कई जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण ऐसा होगा। विभाग के मुताबिक नागपुर और थाने जिले में मामाल तेजी से बढ़ सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने यह पूर्वानुमान मौजूदा वक्त में बढ़ रहे केस को देखते हुए लगाया है। विभाग के मुताबिक कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ सकता है। एक खबर के मुताबिक़, हर हफ्ते कोरोना एक प्रतिशत बढ़ रहा है। यदि हालात ऐसे ही रहे तो राज्य की स्थिति गंभीर हो सकती है।
एक समय ऐसा था जब देश में कोरोना मरीजों की संख्या घटने लगी थी। इस साल 1 फरवरी को कोरोना के 8,635 नए केस दर्ज किए गए थे। एक दिन में कोरोना मामलों की ये संख्या इस साल सबसे कम है। सबसे ज्यादा केस सितंबर 2020 में दर्ज किए गए थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 53,476 नए कोरोना केस आए और 251 लोगों की जान गई है। हालांकि 26,490 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। रिकवरी रेट के मामले में भारत दूसरे स्थान पर है। मौत के मामले में भारत चौथे नंबर पर है जबकि एक्टिव केस के मामले में भारत दुनिया में 7वें स्थान पर है।

Comments
Post a Comment