अब बाजार जाने के लिए भी देना होंगे पैसे, समय से नहीं लौटे तो लगेगा जुर्माना



नासिक:
महारष्ट्र में कोरोना से हालात बेकाबू हो गए है। हर दिन रिकॉर्ड तोड़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने कई जिलों में सख्त लॉकडाउन लागू किया है। साथ ही कई जिलों में नाईट कर्फ्यू लगाया गया है। लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में न जाने की हिदायत दी जा रही है। संक्रमण को रोकने के लिए राज्य सरकार कई कदम भी उठा रही है, लेकिन कोरोना पर काबू पाना टेढ़ी खीर जैसा हो गया है। ऐसे में लोगों को इस वायरस से बचाने के लिए नासिक में एक नया नियम शुरू किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नासिक में रहने वालों को अब हर बार बाजार जाने पर पांच रुपये चुकाने पड़ेंगे। यानी मार्केट जाने वाले हर शख्स को पांच रुपये का भुगतान करने के बाद एक टिकट दी जाएगी जो अगले एक घंटे के लिए मान्य रहेगी। एक घंटे के अंदर अगर शख्स बाजार से नहीं लौटता है तो उसे 500 रुपये का जुर्माना भरना होगा। जानकारी के अनुसार, यह पांच रुपये नासिक नगर निगम इकट्ठा करेगी और इसका इस्तेमाल कोरोना से जुड़ी सुरक्षा जैसे सैनिटाइजेशन प्रक्रिया पर खर्च किया जाएगा। इसके साथ ही शहर की पुलिस भी इस काम में नगर निगम की मदद करेगी।

नगर निगम के एक अधिकारी के अनुसार, यह नया नियम शहर के मेन मार्केट, नासिक मार्केट कमेटी, पवन नगर मार्केट, अशोक नगर मार्केट और कलानगर मार्केट में लागू होगा। इसके साथ ही बाजार में प्रवेश करने के लिए भी केवल एक रास्ता ही होगा। बाजार के अंदर जाने के लिए लोगों को प्रवेश के समय ही पांच रुपये की टिकट लेनी होगी जबकि दुकानदारों के लिए पास जारी किया जाएगा। जो लोग मार्केट इलाके में रहते हैं, उन्हें पहचान पत्र जांचने के बाद ही अंदर घुसने दिया जाएगा।


Comments