सावधान! बढ़ रहा कोरोना की नई लहर का ख़तरा, एक हफ्ते में 67 फीसदी बढ़े केस

 


नई दिल्ली: देश में कोरोना के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे है। बढ़ते मामलों के चलते सरकार एक बार फिर सख्त नियम लागू कर रही है। महाराष्ट्र फिर से कोरोना का हॉटस्पॉट बन रहा है। पिछले 24 घंटे में राज्य में 30 हजार से ज्यादा मामले सामने आए है। वहीं, पंजाब, गुजरात, दिल्ली, यूपी और अन्य कई राज्यों में भी हालात बेकाबू हो चुके हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 823 नए मामले दर्ज किए गए हैं। दिल्ली में लगातार दूसरे दिन 800 से ज्यादा मामले सामने आए है।

 विशेषज्ञों के अनुसार, हाल में संक्रमित होने वाले मरीजों की उम्र की पहचान करना बेहद जरुरी है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर कम उम्र के लोग ज्यादा संक्रमित हो रहे हैं तो यकीनन हम कोरोना के एक और बड़ी लहर के मुहाने पर बैठे हैं। अब तक, 60 साल से ऊपर के उम्र वाले लोगों में ज्यादा संक्रमण पाया जा रहा था और 60 साल से नीचे के लोगों में बेहद कम संक्रमण था लेकिन अगर यह बीमारी युवा वर्ग की तरफ बढ़ रही है तो हमें सतर्क रहने के साथ-साथ तेजी से इसके खिलाफ कदम उठाने की जरूरत है।

 आंकड़ों के मुताबिक बीते एक हफ्ते में कोरोना के मामलों में 67 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई है। इस बीते हफ्ते में इससे पिछले हफ्ते के मुकाबले 1 लाख ज्यादा कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं। यही नहीं, बीते हफ्ते में कोरोना से होने वाली मौतों में भी 41 फीसदी की वृद्धि हुई है, जो कि पिछले 9 हफ्तों के आंकड़ों में सबसे ज्यादा है। 15 मार्च से 21 मार्च तक देश में कोरोना से 1,239 मरीजों की मौत हुई है. वहीं, इस दौरान देश में 2.6 लाख नए कोरोना मामले दर्ज किए गए।

 महाराष्ट्र में कोरोना रिकॉर्ड तेजी से बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में एक दिन में कोरोना के 30 हजार से ज्यादा केस आए हैं, जबकि कोरोना के चलते 99 लोगों की मौत हुई है। अकेले मुंबई में कोरोना के 3775 केस सामने आए हैं. वहीं पुणे में कोरोना के 2900 नए केस दर्ज किए गए। पुणे में पिछले 24 घंटों में 5408 नए कोविड मामले सामने आए हैं और 32 मौतें दर्ज की गई हैं।

नागपुर में कोरोना से हाहाकार मचा हुआ है। यहां पिछले 24 घंटों में 3614 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं वहीं, 1859 मरीज रिकवर हुए हैं और 32 मरीजों की मौत हुई है।  गुजरात में भी कोरोना के केस तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। गुजरात में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1580 केस सामने आए हैं जो कि 28 नवंबर के बाद सबसे ज्यादा हैं। गुजरात में कोरोना के सबसे ज्यादा केस अहमदाबाद और सूरत शहर में आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में अहमदाबाद में 444 जबकि सूरत में कोरोना के 405 नए मामले सामने आए हैं।

राजस्थान में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके तहत 25 मार्च से राजस्थान में बाहर से आने वाले सभी यात्रियों के लिए 72 घंटे के भीतर की आरटी-पीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट लाना  अनिवार्य होगा। मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1322 नए मामले सामने आए हैं जो कि 8 दिसंबर के बाद सबसे ज्यादा हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में यहां 663 रिकवरी और 3 मौतें दर्ज की गई हैं।

 

Comments