बंगाल में चुनाव के बीच हिंसा की साजिश! पुलिस ने बरामद किए 200 क्रूड बम

 


कोलकाता:
पछिम बंगाल में चुनाव की सुगबुगाहट के साथ ही राजनीतिक हिंसा का दौर शुरू हो गया था। राज्य में हो रही राजनीतिक हिंसा को देखते हुए चुनाव आयोग और पुलिस सख्त हो गई है। विधानसभा चुनावों के बीच पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। साउथ 24 परगना जिले के भांगर इलाके से पुलिस ने करीब 200 क्रूड बम को बरामद किया है। चुनाव के दौरान बम की बरामदगी की यह बहुत बड़ी खेप है।

हालांकि, काशीपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर बम का इस्तेमाल कहां होना था। गौरतलब है की, पिछले हफ्ते ही साउथ 24 परगना में क्रूड बम वोस्फोत हुआ था, जिसकी चपेट में आने से भाजपा के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई थी और पांच घायल हुए थे।  

पश्चिम बंगाल पुलिस का दावा था कि विस्फोट होने पर घायल भाजपा कार्यकर्ता क्रूड बम बना रहे थे। हालांकि, घायलों में से एक ने दावा किया कि वे शुक्रवार शाम भोजन कर रहे थे, तभी उन पर क्रूड बम फेंके गए थे। इससे पहले फरवरी में बंगाल के मंत्री जाकिर हुसैन पर मुर्शिदाबाद जिले के निमिता रेलवे स्टेशन पर क्रूड बम से हमला किया गया था। इस हमले में जाकिर हुसैन बुरी तरह घायल हुए थे।

इस मामले में गोसाबा के टीएमसी उम्मीदवार जयंत नस्कर ने आरोप लगाया था कि भाजपा प्रत्याशी बरुण प्रमाणिक कुछ जगह पर उपद्रवियों की मिलीभगत से क्रूड बम लगा रहे हैं, दूसरी ओर, भाजपा प्रत्याशी बरुण प्रमाणिक ने तृणमूल कांग्रेस पर बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया।






Comments