कांग्रेस विधायक का आरोप, भाजपा नेता कोरोना के 'सुपर स्प्रेडर', लगे जुर्माना

 



गुजरात: देश में कोरोना की दूसरी लहर का ख़तरा बढ़ता जा रहा है। एक बार फिर कोरोना के हजारों मामले सामने आ रहे है, जिसकों लेकर सरकार फिर सख्ती कर रही है। बढ़ते मामलों के बीच राजनीति भी तेज हो गई है। गुजरात में चल रहे विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक ने कोरोना संक्रमण फैलने के लिए भाजपा नेताओं को जिम्मेदार बताया है।

कांग्रेस विधायक ग्यासुद्दीन शेख ने आरोप लगाया कि, देश में जब कोरोना की पहली लहर आई तो अहमदाबाद में नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम में लाखों की भीड़ इकट्ठी की गई। सरकार को भाजपा नेताओं पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि, इन लोगों के कारण ही राज्य में कोरोना फैला है।  इसके लिए कांग्रेस विधायक ने तीन वजहें भी बताई है।

 ग्यासुद्दीन शेख ने बताया कि देश में कोरोना की जब पहली लहर आई थी, तब अहमदाबाद में नमस्ते ट्रम्प कार्यक्रम में लाखों की भीड़ जुटाई गई।पहली लहर के बाद कोरोना वॉरियर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स और लोगों की जागरूकता की वजह से मामले घट गए. लेकिन फिर दिवाली के वक्त निकाय चुनाव कराए गए। भाजपा नेताओं ने किसी भी चुनावी रैली में मास्क नहीं पहने थे. इससे हालात ऐसे बन गए कि अस्पतालों में बेड की कमी हो गई. और अब नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हजारों लोगों को इकट्ठा किया जा रहा है।

ग्यासुद्दीन शेख ने आगे कहा कि भाजपा के नेता कोरोना के सुपर स्प्रेडर हैं। उनसे एक हजार रुपए का जुर्माना वसूल करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के अहमदाबाद के 160 पार्षदों ने गांधीनगर के फार्महाउस में एक टिफिन मीटिंग भी की थी, लेकिन मास्क नहीं पहना था।  उनका कहना है कि नेताओं पर कोई जुर्माना नहीं हुआ लेकिन कोई आम आदमी बगैर मास्क के बाहर निकलता है, तो उसे जुर्माना देना पड़ता है।

जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस के नेता भी सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क नहीं पहनते, तो इस पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता भाजपा नेताओं को देखकर मास्क नहीं पहनते। भाजपा सरकार की कम होती राजनैतिक इच्छाशक्ति की वजह से कोरोना कंट्रोल नहीं हो रहा है।
 


Comments