ख़त्म हुआ किसानों का धरना, बहाल हुआ यातायात


पंजाब: कृषि कानून के खिलाफ पिछले करीब तीन महीने से दिल्ली की सीमानों पर किसानों का आंदोलन जारी है। इसी बीच पंजाब से राहत की खबर आ रही है। दरअसल, कृषि कानूनों के खिलाफ अमृतसर में पटरियों पर बैठे किसानों ने अपना धरना प्रदर्शन ख़त्म कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, ट्रेनों के रद्द होने से किसानों और व्यापारियों को काफी नुकसान हो रहा था, इसलिए किसानों ने 169 दिनों के बाद धरना प्रदर्शन को खत्म करने का फैसला लिया।

अमृतसर के जंडियाला गुरु रेलवे स्टेशन से किसानों द्वारा अपना धरना प्रदर्शन खत्म किए जाने के बाद अब अमृतसर से दिल्ली सीधा यातायात शुरू हो गया है, जिससे यात्रियों और कुलियों को राहत मिली है। किसानों के धरना प्रदर्शन के चलते रेलवे ने कुछ ट्रेनें रद्द कर दी थी, जिससे यात्रियों को असुविधा होने लगी थी।

डीसी अमृतसर ने बताया कि कल किसानों के द्वारा जंडियाला के रेलवे स्टेशन से धरना खत्म किए जाने के बाद पैसेंजर ट्रेन उस रास्ते से शुरू हो गई है जो पहले तरन-तारन के रास्ते आती थी। अमृतसर से दिल्ली के लिए ट्रेनों के सीधे आवागमन की शुरुआत से यात्रियों ने तो राहत महसूस की ही है।उनका कहना है कि पिछले 6 महीने से उनका कामकाज न के बराबर था और अब किसानों का धरना खत्म होने से ज्यादा ट्रेन चलेंगी और यात्रियों के आने से उनका कामकाज भी ठीक होगा।

अमृतसर में किसानों ने रेलवे ट्रैक बेशक खाली कर दिया हो लेकिन दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का जमावड़ा अभी भी है। टीकरी बॉर्डर, सिंघु बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों का प्रदर्शन जारी है। सिंघू, टीकरी और गाज़ीपुर बॉर्डर पर किसान पिछले साल नवंबर के अंत से धरना दे रहे हैं। इनमें अधिकतर पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान हैं।

 

Comments