शताब्दी एक्सप्रेस में फिर लगी आग, मचा हड़कंप



गाजियाबाद: शताब्दी एक्सप्रेस में शनिवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। खबर है कि, गाजियाबाद स्टेशन पर दिल्ली-लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस के जेनरेटर कार में आग लग गई। आग की घटना सामने आते ही स्टेशन पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रेल अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

बताया जा रहा है कि पार्सल वैन में आग लगते ही तुरंत काबू पा लिया गया है, जिससे बाकी कोचों पर कोई असर नहीं हुआ। आग लगने वाले पार्सल कोच को गाजियाबाद स्टेशन पर ही अलग करने के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया। हालांकि, आग की वजह का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

 दमकल विभाग के मुताबिक सुबह 7 बजे सूचना मिली कि शताब्दी एक्सप्रेस में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं।आग ट्रेन की सबसे पीछे वाली बोगी यानी जनरेटर व लगेज यान में लगी थी। तत्काल आग लगने वाली बोगी को ट्रेन से अलग करके आग बुझाने का कार्य किया गया, जिससे आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और कोई जनहानि भी नहीं हुई है।

इससे पहले पिछले शनिवार यानी 13 मार्च को दिल्ली से देहरादून आ रही शताब्दी ट्रेन के एक कोच में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया गया था। राहत की बात यह रही कि इस घटना में भी किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली थी।

Comments