फेसबुक पोस्ट पर धमकी, 'पांच करोड़ में पीएम मोदी को मारने के लिए तैयार'

 


पुंडूचेरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने के लिए एक शख्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की थी। शख्स का कहना था कि यदि कोई उसे पांच करोड़ रुपए दे, तो वह पीएम मोदी को मारने के लिए तैयार है। इस मामले में पुलिस ने पुंडूचेरी के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पीएम मोदी को मारने वाली ये पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए शख्स को गिरफ्तार कर लिया।

पुंडूचेरी पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान सत्यनंदम के रूप में हुई है। वह आर्यनकुप्पम गांव का रहने वाला है और पेशे से एक रियल एस्टेट कारोबारी है। गुरुवार को गिरफ्तारी के बाद उसे लोकल कोर्ट में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस ने कहा कि आरोपी ने फेसबुक पर एक मेसेज पोस्ट किया था, जिसमें लिखा था कि 'वह प्रधानमंत्री को मारने के लिए तैयार है, यदि कोई उसे 5 करोड़ रुपए देने के लिए तैयार हो जाएगा।' एक कार चालक की नजर इस फेसबुक पोस्ट पर पड़ी, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उस व्यक्ति के फेसबुक खाते का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।


Comments