कोरोना संकट में लोगो की मदद के लिए आगे आया ये क्रिकेटर, डोनेट किया बल्ला और जर्सी
जब पूरी दुनिया पर कोरोना महामारी का संकट आया है तो कई लोग मदद के लिए आगे आए है। आम आदमी से लेकर बड़े-बड़े स्टार, क्रिकेटर भी मदद करने से पीछे नहीं हट रहे। इसी बीच इस संकट के समय महामारी से जूझ रहे वंचित बच्चों की मदद के लिए दक्षिण अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस ने एक पहल की है।
प्लेसिस ने ऐसे वंचित बच्चों के लिए अपना नया आईएक्सयू बल्ला और गुलाबी वनडे जर्सी को नीलामी के लिए रखा है। जर्सी के पीछे उनका नाम और 18 नंबर बना लिखा है। प्लेसिस ने ये फैसला अपने पूर्व टीममेट एबी डिविलियर्स द्वारा नोमिनेट किए जाने के बाद लिया।
प्लेसिस ने इंस्टाग्राम पर दोनों चीजों की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि ‘जैसा कि आप सभी जानते हो कोविड-19 महामारी का काफी लोगों पर बुरा प्रभाव पड़ा है और हम दक्षिण अफ्रीका में इसके असर का अनुभव कर रहे हैं। मैंने एबी डिविलियर्स द्वारा नामांकित किए जाने के बाद इस चुनौती को स्वीकार किया है। मैंने अपना बिल्कुल नया आईएक्सयू बल्ला और इंग्लैंड के खिलाफ ‘2016 पिंक वनडे’ की गुलाबी जर्सी को दान दिया है, जिसकी नीलामी ‘ऑल इन अफ्रीका’ वेबसाइट पर की जाएगी।’
https://www.instagram.com/p/CCxndqoHuFF/?igshid=1cmaiuht3xccb
डु प्लेसिस ने लिखा, ‘इस नीलामी की पूरी राशि उस प्रोजेक्ट को दी जाएगी, जो मैंने हिलसांग अफ्रीका फाउंडेशन के साथ लांच किया था। इस परियोजना का उद्देश्य 500,000 रैंड जुटाना है, जिसका इस्तेमाल स्थानीय समुदाय के वंचित बच्चों को खाना खिलाने के लिए होगा। किसी भी तरह का दान इन बच्चों की मदद के लिए होगा।’
डुप्लेसिस पहले भी चैरिटी के काम से जुड़े रहे हैं। उनकी पत्नी इमारी विसेर ने दक्षिण अफ्रीका में 35 हजार बच्चों को खाना खिलाने के लिए चैरिटी से धन जुटाया था।

Comments
Post a Comment