पहले पाक में सर्जिकल स्ट्राइक, अब चीन सीमा पर पैरा कमांडोज दिखा रहे दम
पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करने वाले पैरा कमांडोज अब चीन को अपनी ताकत दिखा रहे है। आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के लेह दौरे के दौरान भारतीय सेना ने चीन सीमा पर अपनी ताकत दिखाई। लद्दाख में चीनी सेना भले ही अपनी मौजूदा स्थिति से पीछे हट गई हो लेकिन हिंदुस्तान के शूरवीरों ने अपनी मौजूदगी की धमक दर्ज करा दी है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सामने पैंगॉन्ग झील के पास सर्जिकल स्ट्राइक करने वाले पैरा कमांडोज ने शानदार प्रदर्शन किया। जिस जगह ये वतन के रखवाले युद्धाभ्यास कर रहे थे, वहां से चीनी सैनिकों की तैनाती सिर्फ दो किलोमीटर दूर है।
पैंगॉन्ग झील वही इलाका है, जहां सबसे पहले भारत और चीन के सैनिक आमने-सामने आए थे। आज भारत पैंगॉन्ग झील के पास अपनी ताकत का प्रदर्शन कर रहा है।
लद्दाख में भारत और चीन के बीच बढ़े तनाव से बने युद्ध के हालातों को देखते हुए पैरा कमांडोज की तैनाती की गई थी। इन कमांडोज को ऊंची पहाड़ी वाले इलाके जैसे गलवान घाटी, पैंगॉन्ग लेक और दौलत बेग ओल्डी में युद्ध लड़ने के लिए तैनात किया गया था।
13,800 फीट की ऊंचाई पर ऑपरेशन कर भारतीय सेना ने बता दिया है कि वह हर मोर्चे पर तैयार है। ये वही पैरा कमांडोज है जिन्होंने पाकितान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की थी और आतंकियों के छक्के छुड़ा दिए थे। इस दौरान रक्षामंत्री ने लाइट मशीन गन समेत कई हथियारों पर अपने हाथ आजमाए।
आज हुई मिलिट्री ड्रिल में भारत की टैंक्स, हथियारबंद कमांडोज ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। इस दौरान रक्षामंत्री ने भी लेह से हुंकार भरी और चालबाज चीन को साफ़ सन्देश दे दिया कि ये अब कमजोर भारत नहीं है। हमारी एक इंच जमीन को भी कोई छू नहीं सकता।
राजनाथ सिंह ने कहा कि सीमा पर तैनात जवान राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा करते है। भारत के स्वाभिमान पर यदि चोट पहुंचाने की कोशिश की गई तो हम किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे और मुंहतोड़ जवाब देंगे।


Comments
Post a Comment