फायदे के लिए कोरोना मरीजों की जान से खेल रहे लोग, बिना लाइसेंस बेच रहे ऑक्सीजन सिलेंडर
इस समय पूरी दुनिया कोरोना जैसी महामारी से जूझ रही है। सरकारें लोगों की जान और उन्हें इस संक्रमण से बचाने के लिए तमाम तरह के सख्त कदम उठा रही है लेकिन अभी भी कुछ लोग सिर्फ अपने फायदे के बारे में सोच रहे है। उन्हें शायद किसी की जान की फिक्र नहीं नहीं है। कोरोना संकटकाल के बीच ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी शुरू हो गई है।
दरअसल, कोरोना के इस संकट के बीच हैदराबाद में ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए मरीज एक लाख रुपए चुका रहे है। ये ऐसे लोग है जो कोरोना संक्रमित होने के चलते अपने घरों में क्वारंटाइन है। ऐसी शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस ने पिछले दो दिनों में कालाबाजारी करने वाले कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। कुछ लोग बिना लाइसेंस के ऑक्सीजन बेच रहे थे।
ऑक्सीजन की कालाबाजारी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शाइक अकबर नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। अकबर पर आरोप है कि वह बिना किसी लाइसेंस के ऑक्सीजन और गैस सिलेंडर बेच रहा था। पुलिस ने इसके यहां से ऑक्सीजन के 19 सिलेंडर जब्त किए। इससे पहले भी पुलिस ने शहर के सेवन टॉम्ब्स इलाके से लगभग 29 ऑक्सीजन सिलेंडर जब्त किए गए थे।
हैदराबाद में मांग ज्यादा
तेलंगाना में भी कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। तेलंगाना के कुल मामलों में से करीब 60 फीसदी मामले हैदराबाद से ही सामने आ रहे है। ऐसे में जो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए है और अपने-अपने घरों में ही क्वारंटाइन हैं वो ऑक्सीजन सिंलेंडर की मांग कर रहे हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि शहर में ऑक्सीजन सिलेंडरों की भारी कमी है लेकिन सरकार के मुताबिक हॉस्पिटल में कोरोना मरीजों के लिए 3537 ऑक्सीसन वाले बेड हैं, जिसमें से 2926 खाली हैं।
घरों में स्टोर कर रहे हैं ऑक्सीजन सिलेंडर
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग भी बढ़ गई है। बढ़ती मांग को देखते हुए ऑक्सीजन सिलेंडर की कीमत भी डेढ़ गुना तक बढ़ गई है। हालत ये है कि सिलेंडर रिफिलिंग करवाने के लिए भी वेटिंग चल रही है। लोग इतने डरे हुए है कि वे अब बिना डॉक्टर की सलाह और जरूरत के भी इमरजेंसी के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर घरों में रख रहे हैं।
जरुरत और इस्तेमाल की नहीं जानकारी
डर के चलते लोग भले ही ऑक्सीजन सिलेंडर घरों में स्टोर कर रहे हो लेकिन उन्हें ना तो ये पता है कि इसका इस्तेमाल कैसे किया जाता है और ना ये जानते है कि उन्हें इसकी जरुरत है भी या नहीं। ऐसे में अब दुकानदार ही लोगों को डेमो देकर इसे इस्तेमाल करने का तरीका बता रहे है।

Comments
Post a Comment