कंगना का दावा, सुशांत की मौत पर अपने आरोप साबित नहीं कर पाई तो लौटा दूंगी पद्मश्री
एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद बॉलीवुड में फैले नेपोटिज्म को लेकर देशभर में काफी गुस्सा नजर आ रहा है। इंडस्ट्री में फैले नेपोटिज्म को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद एक्ट्रेस कंगना रानौत खुलकर सामने आई और बॉलीवुड के कई बड़े डायरेक्टर-प्रोड्यूसर और एक्टर पर निशाना साधा था।
सुशांत की मौत के बाद कंगना ने सबसे पहले गैंगबाजी और परिवारवाद के खिलाफ मोर्चा खोला। कंगना के इस मोर्चे को कई सेलेबस का समर्थन भी मिला। एक बार फिर इन्ही आरोपों को लेकर कंगना रानौत एक बार फिर चर्चा में आई है।
इस बार कंगना ने दावा किया है कि अगर वह मामले की जांच में अपने बयानों को साबित नहीं कर पाईं तो वह अपना पद्मश्री वापस करने के लिए तैयार हैं। एन इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि 'मुंबई पुलिस ने मुझे बुलाया और मैंने भी उनसे पूछा कि मैं मनाली में हूं और क्या आप किसी को मेरे यहां भेज सकते हैं मेरा बयान लेने के लिए, लेकिन उसके बाद मुझे कोई जवाब नहीं मिला। मैं बता रही हूं, कि अगर मैंने कुछ ऐसा कह दिया हो, जिसकी मैं गवाही नहीं दे सकती, जिसे मैं साबित नहीं कर सकती और जो जनता के हित में नहीं है तो मैं अपना पद्मश्री लौटा दूंगी। मैं उसकी हकदार नहीं हूं फिर। मैं वो इंसान नहीं हूं जो इस तरह के बयान दे और अब तक मैंने जो कुछ भी कहा है वो जनता के हित में ही है'।
वीडियो शेयर कर कही थी ये बात
सुशांत की मौत के बाद कंगना ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि सुशांत की मौत सुसाइड नहीं बल्कि एक प्लांड मर्डर है। हालांकि उनके कहने का मतलब ये नहीं था कि सुशांत का कसी ने मर्डर किया है लेकिन वह कहना चाहतीं थीं कि कुछ लोगों के दबाव में आकर एक्टर ने जिंदगी खत्म करने का फैसला लिया।
कंगना ने कहा, "सुशांत सिंह राजपूत कई इंटरव्यूज में ये कह चुके थे कि उन्हें इंडस्ट्री अपना नहीं रही है, जबकि वो लगातार अच्छी फिल्में कर रहे थे।' आगे कंगना ने ये भी कहा, "सुशांत की पहली फिल्म (काय पो चे) को फिल्म इंडस्ट्री के लोगों ने इज्जत नहीं दी। इसके बाद 'एमएस धोनीः द अनटोल्ड स्टोरी' या 'छिछोरे' को भी वैसा सम्मान नहीं दिया गया, जैसा उसे मिलना चाहिए। जबकि 'गली बॉय' जैसी वाहियात फिल्म को इतने सारे अवॉर्ड दिए गए।
गौरतलब है कि 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर ली थी। उनकी मेडिकल रिपोर्ट्स के मुताबिक वे डिप्रेशन में थे और उनका इलाज चल रहा था। उनकी मौत को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे है। इसके लिए सीबीआई जांच की भी मांग की जा रही है।

Comments
Post a Comment