ये कैसी लापरवाही, फोन में व्यस्त नर्स ने महिला को एक बार में लगा दी दो वैक्सीन

 


कामपुर: कोरोना के खतरे से निपटने के लिए सरकार वैक्सीनेशन की रफ़्तार बढ़ा रही है। वैक्सीनेशन को रफ़्तार देने के लिए सरकार ने एक अप्रैल से 45 साल से ज्यादा के लोगों को टीका लगाने की अनुमति दे दी है। साथ ही अप्रैल में छुट्टी वाले दिन भी टीका लगाने का आदेश दिया है। सरकार के तमाम प्रयासों के बाद भी सरकार कोरोना के फैलते संक्रमण को रोकने में कामयाब नहीं हो पा रही है। सरकार लगातार लोगों से टीका लगवाने की अपील कर रही है लेकिन जब स्वास्थ्य विभाग ही लापरवाही करने लगे, तो आप क्या कहेंगे।

कानपुर ने स्वास्थ्य विभाग की ऐसी ही लापरवाही सामने आई है। कानपुर देहात में एक एएनएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में मोबाइल में बात करते करते एक महिला को एक ही समय मे दो बार कोविड वैक्सीन लगा दी। जब महिला ने दो वैक्सीन लगाने के बारे पूछा तो नर्स ने गलती बताकर उन्हें ही फटकार लगा दी।

इस पूरे घटनाक्रम के मुताबिक, कानपुर देहात जिले के मंडोली पीएचसी में तैनात एएनएम अर्चना को स्वास्थ्य केंद्र में कोविड वैक्सीन लगाने की ज़िम्मेदारी दी गई थी. लेकिन अर्चना अपने मोबाइल पर बात करने में इतनी मशरूफ थी कि उसने मंडौली क्षेत्र की रहने वाली कमलेश देवी को एक ही बार में कोविड वैक्सीन की दो डोज़ लगा दी। इसे कमलेश देवी के हाथ में सूजन भी आ गई और दर्द भी है। जब कमलेश देवी ने दो इंजेक्शन की बात पूछी तो अर्चना ने गलती से लगने की बात बोलकर अपना पल्ला झाड़ लिया और उल्टा पीड़ित को ही फटकार लगा दी।

स्वास्थ्य महकमे की ओर से हुई इतनी बड़ी लापरवाही कमलेश देवी की जिंदगी पर भारी भी पड़ सकती थी, लेकिन इससे शायद स्वास्थ्य विभाग के कानों पर जू भी नहीं रेंगी। इस बाबत जब हमने जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से बात की तो उन्होंने कुछ भी बोलने से मना कर दिया और शासन की ओर से कुछ भी नहीं बोलने की बात कहकर फोन काट दिया।

Comments