एक्टिव हुआ कोरोना का नया वैरिएंट', दिल्ली में यूके और डबल म्यूटेंट वैरिएंट मचा रहा तबाही
नई दिल्ली: कोरोना की नई लहर से राजधानी दिल्ली बेहाल है। यहां कोरोना रौद्र रूप लेता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में संक्रमण की रफ़्तार बहुत तेजी से बढ़ी है और मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। इसी बीच एक और नई खबर सामने आई है, जो चिंता बढ़ाने वाली है।
नेशनल सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल के चीफ डॉ. सुजीत सिंह का कहना है कि दिल्ली में मार्च के आखिरी हफ्ते में जो कोरोना के सैंपल आए, उनमें से 50 फीसदी में कोरोना का यूके वैरिएंट था। इस वक्त दिल्ली में कोरोना का यूके वैरियंट और डबल म्यूटेंट वैरिएंट मौजूद है।
डॉ. सुजीत सिंह के मुताबिक, दिल्ली के अलावा महाराष्ट्र में भी 50 फीसदी से अधिक सैंपल डबल म्यूटेंट से जुड़े हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में यूके वैरिएंट का असर मार्च से ही देखने को मिल गया था। मार्च के दूसरे हफ्ते में दिल्ली में यूके वैरिएंट के 28 फीसदी मामले थे, लेकिन मार्च के आखिरी हफ्ते तक ये आंकड़ा 50 फीसदी तक पहुंच गया।
पश्चिम बंगाल में जो कोरोना का नया वैरिएंट मिला था, वह देसी वैरिएंट है। B.1.618 के इस वैरिएंट के अबतक बंगाल और महाराष्ट्र में केस मिल पाए हैं। हालांकि, चिंता की बात ये है कि भारत के इस देसी वैरिएंट ने कई देशों में अपनी दस्तक दे दी है। बेल्जियम ने बीते दिन जानकारी दी कि उनके यहां कोरोना का भारतीय वैरिएंट पाया गया है।
गौरतलब है कि, भारत में कोरोना की दूसरी लहर विकराल रूप लेती जा रही है। कोरोना के सबसे पहले वैरिएंट के अलावा देश में इस वक्त कोरोना के यूके, अफ्रीकी और ब्राजील वैरिएंट एक्टिव हैं। इतना ही नहीं, भारत में एक नया वैरिएंट पाया गया है, जिसके बंगाल में सबसे ज्यादा मामले सामने आए थे।

Comments
Post a Comment