भारत में तांडव कर रही मौत, एक महीने में 45 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमितों की गई जान
नई दिल्ली: भारत में कोरोना की दूसरी लहर कहर बनकर टूट रही है। संक्रमितों के साथ मौत का आंकड़ा भी बहुत तेजी से बढ़ रहा है। मौत इस कदर तांडव मचा रही है कि, महज एक महीने में 45 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीजों ने जान गंवाई है। सालभर में कुल दो लाख आठ देशवासी अपनी जान गंवा चुके हैं। अभी भी ये कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से 1 अप्रैल को बताया गया था कि देश में कुल एक लाख 62 हजार 927 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। आज 30 अप्रैल को ये आंकड़ा बढ़कर 2 लाख 8 हजार 330 हो गया है। यानी कि एक महीने में कुल 45,403 लोगों की जान चली गई, जबकि इससे पहले मार्च में महज 5,770 लोगों की जान गई थी।
देश में अबतक कुल एक करोड़ 87 लाख 62 हजार 976 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। अनुमान के अनुसार, जल्द ही ये आंकड़ा दो करोड़ के पार पहुंच जाएगा। 19 दिसंबर 2020 को संक्रमितों की कुल संख्या 1 करोड़ के पार पहुंच गई थी। इससे पहले सात अगस्त को 20 लाख को पार कर गई थी। 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी। इसके बाद 28 सितंबर को कोविड मामले 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख, 19 दिसंबर को एक करोड़ और 19 अप्रैल को 1.5 करोड़ से अधिक हो गए थे।

Comments
Post a Comment