सीरम इंस्टीट्यूट ने घटाई वैक्सीन की कीमत, 300 रूपये में मिल सकेगी कोविशील्ड
नई दिल्ली: देश में एक मई से शुरू होने वाले वैक्सीनेशन के तीसरे चरण से पहले वैक्सीन की कीमतों को लेकर बड़ी खबर आई है। सीरम इंस्टीट्यूट ने कोविशील्ड वैक्सीन की कीमतों में कटौती की है। सीरम के सीईओ अदार पूनावाला ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्यों को कोविशील्ड का एक डोज अब 400 रूपये की जगह 300 रूपये में दिया जाएगा।
हालांकि, सीरम ने वैक्सीन के एक डोज की कीमत सिर्फ राज्य सरकारों के लिए घटाई हैं। निजी अस्पतालों के लिए कीमतें कम नहीं हुई हैं। यानी, निजी अस्पतालों को अभी भी कोविशील्ड का एक डोज 600 रूपये में ही मिलेगा। सीरम के इस फैसले से सीधे तौर पर राज्य सरकारों को राहत मिली है। हर डोज पर राज्य सरकारों के 100 रूपये बचेंगे।
अदार पूनावाला का कहना है कि सीरम के इस फैसले से हजारों करोड़ रूपयेकी बचत होगी। हालांकि, इससे आम लोगों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वो इसलिए क्योंकि ज्यादा राज्य सरकारों ने फ्री वैक्सीन लगाने का ऐलान ही किया है और अगर कोई निजी अस्पताल से वैक्सीन लगवाता है, तो उसे वहां वैक्सीन के एक डोज के लिए 600 रूपये चुकाने ही होंगे। कुल मिलाकर सीरम के फैसले से राज्य सरकारों को बहुत बड़ी राहत मिली है।
वैक्सीन की अलग-अलग कीमतों पर विवाद के बाद केंद्र सरकार ने भी इसमें दखल दिया था। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने भारत बायोटेक और सीरम इंस्टीट्यूट से वैक्सीन की कीमतें कम करने की संभावनाएं तलाशने को कहा था। इसके बाद सीरम इंस्टीट्यूट ने राज्य सरकारों के लिए कोविशील्ड की कीमतें 100 रूपये कम कर दी हैं। ये भी कहा जा रहा है कि भारत बायोटेक भी जल्द ही राज्यों के लिए वैक्सीन की कीमतें कम कर सकती हैं।

Comments
Post a Comment