मई में तबाही मचाएगा कोरोना, रोज होंगी पांच हजार से ज्यादा मौतें: स्टडी

 


नई दिल्ली
: देश कोरोना की दूसरी लहर से बुरी तरह जूझ रहा है। लाखों मरीजों के संक्रमित होने के साथ ही हजारों लोगों की जान जा रही है। अस्पतालों में जगह नहीं बची है, शमशानों में अंतिम संस्कार के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इसी बीच एक स्टडी में सामने आया है कि, कोरोना की दूसरी लहर का पीक मई में आएगा। मई के बीच में मरने वालों का आंकड़ा 5600 तक पहुंच जाएगा। हालात ऐसे ही रहे तो अप्रैल से अगस्त के बीच करीब तीन लाख लोग अपनी जान गंवा देंगे।

वाशिंगटन विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन (आईएचएमई) द्वारा 'कोविड-19 प्रोजेक्शन' शीर्षक पर अध्ययन किया गया है जो 15 अप्रैल को प्रकाशित हुआ। इस अध्ययन में दावा किया गया है कि कोरोना माहामारी का ये दौर आने वाले सप्ताह में स्थिति और भी बिगाड़ेगा। अध्ययन के एक और पहलू में ये भी कहा गया है कि अप्रैल के तीसरे सप्ताह के अंत तक यदि सभी मास्क पहनने की आदत को गंभीरता से लें, तो मौत के इस आंकड़े को 70 हजार तक कम किया जा सकता है।

भारत में संक्रमण और मौतों की वर्तमान दर के आधार पर आईएचएमई के विशेषज्ञों द्वारा किए गए अध्ययन में कहा गया है कि मई के मध्य में कोरोना अपनी पीक पर होगा। इस अध्ययन के अनुसार 10 मई को दैनिक मौतों की दर 5600 पहुंच जाएगी। वहीं अप्रैल से एक अगस्त के बीच मौतों का आंकड़ा 3 लाख 29 हजार होगा और जुलाई के अंत तक मौत का ये आंकड़ा 6 लाख 65 हजार तक बढ़ सकता है।
 
रिपोर्ट में कहा गया है कि सितंबर 2020 से फरवरी 2021 के मध्य भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों और मौतों की संख्या में गिरावट देखी गई,  लेकिन उसके बाद ये ट्रेंड अचानक ही बदल गया और अप्रैल में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने लगे। पिछले साल सितंबर 2020 में जब कोरोना पीक पर था, उसकी तुलना में संक्रमण के मामले दोगुने हो गए। अप्रैल के पहले और दूसरे सप्ताह के बीच भारत में दैनिक मामलों में सामूहिक रूप से 71 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई, वहीं मौतों का आंकड़ा भी 55 प्रतिशत बढ़ गया।

आईएचएमआई के विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल के मध्य कोरोना संक्रमण भारत में मौतों का पांचवां सबसे बड़ा कारण है। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में कोरोना संक्रमण के 133,400 मामले सामने आने लगे, जो मार्च के अंतिम सप्ताह में 78 हजार थे। इस बीच मौत का प्रतिदिन का आंकड़ा 970 से 1500 पहुंच गया। वहीं पंजाब, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में दैनिक मृत्युदर प्रति 10 की आबादी पर चार से अधिक है।  

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि भारत में 24 प्रतिशत लोग 12 अप्रैल तक वायरस के संपर्क में हैं, लेकिन इस गंभीर स्थिति के बीच आईएचएमई के विशेषज्ञों ने कोविड-19 के टीकों पर बहुत भरोसा दिखाया है। उनके अध्ययन के अनुसार जुलाई के अंत तक वैक्सीनेशन से 85,600 लोगों की जान बचाई जाएगी।
 

 

 








Comments