सामने आया कोरोना का बिलकुल नया लक्षण, ना करें नजरअंदाज
नई दिल्ली: कोरोना वायरस के लक्षण आमतौर पर सर्दी-जुकाम से मिलते जुलते है। हालांकि, वायरल इन्फेक्शन और कोरोना में फर्क करना भी मुश्किल हो जाता है। हाल ही में एक स्टडी में कोरोना के बिलकुल अलग लक्षण सामने आए है। रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना संक्रमण होने पर मरीज की प्लेटलेट्स अचानक से गिर जाती हैं और उसे बहुत ज्यादा थकावट महसूस होने लगती है, जबकि बुखार और सांस में तकलीफ जैसे लक्षण बाद में उभरते हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आजाद नगर पारा रोड के अलीम शेख (60) ने 18 अप्रैल को बहुत ज्यादा थकावट महसूस होने के बाद एक ब्लड टेस्ट करवाया. उन्होंने ये ब्लड टेस्ट डॉक्टर की सलाह पर करवाया था जिसमें पता चला कि उनके शरीर की प्लेटलेट्स अचानक गिरकर 85,000 रह गई हैं. एक इंसान के शरीर में सामान्यत: डेढ़ लाख से साढ़े चार लाख के बीच प्लेटलेट्स होनी चाहिए.
रेस्पिरेटरी मेडिसिन डिपार्टमेंट KGMU के प्रोफेसर संतोष कुमार कहते हैं, 'हर एक वायरल इंफेक्शन में प्लेटलेट काउंट गिरता है इसलिए थकान को इग्नोर किए बिना कोविड-19 का टेस्ट कराना चाहिए। कोविड-19 के लक्षण इन्फ्लूएंजा जैसे ही होते हैं, लेकिन अब डायरिया, आंखों में लालपन, चकत्ते और थकावट जैसे कई नए लक्षण भी सामने आए हैं। शरीर में ये लक्षण दिखते ही लोगों को कोविड-19 की जांच करानी चाहिए।'
RML इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के डॉ. विक्रम सिंह कहते हैं, 'थकान या अस्वस्थता वायरल बुखार के लक्षण हैं। कोविड भी एक तरह का वायरल है जिसमें लोगों को बुखार के साथ ये दोनों महसूस होते हैं। सामान्य तौर पर एक इंसान का प्लेटलेट काउंट 1.5 से 4.5 लाख ब्लड प्रतिलीटर होता है, लेकिन कई मामलों में ये 75,000 से 85,000 प्रति लीटर तक चला जाता है। कई बार डेंगू या किसी अन्य बीमारी में मरीज की गलती से भी प्लेटलेट काउंट गिर जाता है। हमारी सलाह है कि यदि कोई व्यक्ति थकावट या अस्वस्थ महसूस करे तो वो तुरंत कोविड-19 का टेस्ट कराए।'
डॉक्टर्स अब उन लोगों को भी आगाह करने लगे हैं जिनकी रिपोर्ट लक्षण दिखने के बावजूद नेगेटिव आ रही है। ऐसे लोगों को भी सेल्फ आइसोलेट में रहने की सलाह दी जा रही है। कोविड के अधिकतर मरीजों की गंध लेने और स्वाद की क्षमता खत्म हो जा रही है। ये लक्षण शरीर में बुखार होने से पहले दिख सकते हैं। यहां तक कि रिकवरी के बाद भी मरीज लंबे समय तक इन्हें महसूस कर सकता है।
बुखार कोविड-19 का एक बेहद सामान्य लक्षण है। जब दर्द में राहत देने वाली दवाओं से भी बुखार में आराम न पड़े और हालत गंभीर होने के साथ-साथ ठंड लगे तो ये कोरोना का संकेत हो सकता है। सूखी खांसी और बुखार के अलावा, कोविड-19 के मरीजों को अक्सर बहुत ज्यादा थकान और कमजोरी भी महसूस हो रही है। अन्य वायरल इन्फेक्शन में होने वाली थकान के मुकाबले कोविड-19 की थकावट सहन कर पाना जरा मुश्किल हो जाता है।
कोविड-19 और कोल्ड या फ्लू से होने वाली खराश के बीच अंतर को समझ पाना अक्सर लोगों के लिए मुश्किल हो जाता है। ध्यान रखें कि अगर आपको बुखार या खांसी के साथ गले में खराश की शिकायत है तो ये कोविड-19 का ही लक्षण है। कोविड-19 के कई मरीजों ने डायरिया और जी मिचलाने जैसे लक्षणों को भी महसूस किया है। इससे मरीजों को पेट में गंभीर ऐंठन और उल्टी की शिकायत हो सकती है।

Comments
Post a Comment