कोरोना के बीच एक और जानलेवा बीमारी ने बढ़ाई चिंता, 50 फीसदी मरीजों की हो रही मौत
नई दिल्ली: देश अभी कोरोना की दूसरी लहर की चपेट में है। कोरोना संक्रमण के साथ मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। देश में इस समय कोरोना के एक्टिव केस 30 लाख से ज्यादा है। कोरोना के डर के बीच एक और नई बीमारी ने मुश्किलें बढ़ा दी है। कोरोना के लक्षणों के बीच मरीजों में Mucormycosis के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। महाराष्ट्र-गुजरात और राजस्थान जैसे राज्यों में इसका असर ज़्यादा देखने को मिल रहा है।
महाराष्ट्र में इस वक्त Mucormycosis के करीब दो हजार से ज्यादा एक्टिव केस सामने आ गए हैं, जिसने राज्य सरकार की चिंता को बढ़ा दिया है। अब जिन अस्पतालों के साथ मेडिकल कॉलेज अटैच हैं, वहां पर Mucormycosis बीमारी के मरीजों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। हालात ये है कि, इस बीमारी से पीड़ित 50 फीसदी मरीजों की जान जा रही है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे का कहना है कि राज्य में कोरोना के मामले जैसे-जैसे बढ़ रहे हैं, उसी रफ्तार से Mucormycosis के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में सरकार ने ज़रूरी कदम उठाना शुरू कर दिए हैं। इस बीमारी के लक्षणों में ब्लैक फंगस भी है। इसके अलावा इस बीमारी के लक्षणों में सिर दर्द, बुखार, आंख, नाक में ज़ोरदार दर्द और आंखों की रोशनी चला जाना भी शामिल है।
महाराष्ट्र के अलावा गुजरात में भी Mucormycosis के कई मामले सामने आ रहे हैं। गुजरात में सौ के करीब ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें ब्लैक फंगस के लक्षण हैं, जबकि कुछ मरीज़ों की आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ा है। गुजरात के राजकोट में इसके लिए अलग से अस्पताल बनाया गया है, जहां पर स्पेशल वार्ड की व्यवस्था की गई है।
राजस्थान के जयपुर में भी बीते दिनों करीब 40 मरीज़ ऐसे पहुंचे, जिनमें ब्लैक फंगस की शिकायत थी। इसमें से कुछ मरीजों की आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ा है। ऐसे में कोरोना संकट के बीच पैदा हो रही इस मरीजों की मुश्किल से चिंताएं बढ़ने लगी है। जयपुर में पिछले 12 घंटे में ही ब्लैक फंगस के 14 मरीज़ पहुंचे हैं। इनमें 2 रांची से, चार राजस्थान से ही हैं, जबकि पांच यूपी और अन्य दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से हैं। इनमें से कुछ लोगों की रोशनी 12 घंटे में ही चली गई।

Comments
Post a Comment