'देशभर में लगेगा लॉकडाउन, सेना के हाथों में होगी कमान!', सामने आया सच



नई दिल्ली: कोरोना की दूसरी लहर रोज डरावने रिकॉर्ड बना रही है। कोरोना के दैनिक आकड़ें चार लाख के पार पहुंच गए हैं। वहीं, चार हजार लोगों की रोज जान जा रही है। ऐसे में राज्यों में पाबंदियां लगाई गई है। इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ खबरें वायरल हो रही है, जिसमें कहा जा रहा है कि, कोरोना की चेन तोड़ने के लिए केंद्र सरकार 21 दिनों का लॉकडाउन लगाने वाली है। इसके लिए रणनीति भी तैयार की जा चुकी है। इतना ही नहीं, वायरल ख़बरों में ये तक कहा जा रहा है कि, लॉकडाउन के दौरान स्थिति संभालने की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस नहीं, बल्कि सेना को दी जाएगी।

नीति आयोग के सदस्य और कोविड-19 टास्कफोर्स के अध्यक्ष डॉ. वीके पॉल से जब देशव्यापी लॉकडाउन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए केंद्र सरकार राज्यों को लॉकडाउन को लेकर दिशा-निर्देश दे चुकी है।

 वीके पॉल ने कहा, 'जब वायरस का संक्रमण बढ़ता है तो चेन तोड़ने के लिए दूसरे उपायों के साथ पब्लिक मूवमेंट को प्रतिबंध लगाया जाता है। इसको लेकर 29 अप्रैल को एक गाइडलाइन जारी की गई थी, जिसमें संक्रमण रोकने के लिए राज्यों को निर्देश दिए गए थे।' उन्होंने आगे कहा, 'राज्यों को कहा गया था हमें ट्रांसमिशन को रोकना है और जिन इलाकों में संक्रमण दर 10 फीसदी से ज्यादा है, वहां पर नाइट कर्फ्यू लगाया जाए। हालांकि इसको लेकर फैसला राज्य सरकारों को करना है। इसके अलावा, सामाजिक, राजनीतिक, खेल, धार्मिक कार्यक्रमों पर रोक है। शॉपिंग कॉम्पलेक्स, सिनेमा घर, रेस्टोरेंट, बार, स्पोर्ट्स कॉम्लेक्स, स्वीमिंग पूल, धार्मिक स्थल आदि को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।'

कोरोना के बढ़त मामलों को देखते हुए अब केरल सरकार ने लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है। केरल में 8 मई सुबह 6 बजे से 16 मई तक लॉकडाउन लगाया गया है। इस दौरान सिर्फ अनिवार्य सेवाओं को ही छूट मिलेगी। मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने स्थिति को गंभीर करार देते हुए कहा कि संक्रमण को रोकने के लिए और कड़े कदम उठाए जाएंगे।





Comments