बक्सर के बाद गहमर में गंगा नदी में मिली दर्जनों लाशें, दहशत में लोग
गाजीपुर: कोरोना के चल रहे कहर के बीच नदियों से शवों के मिलने का सिलसिला जारी है। बक्सर के बाद अब उत्तर प्रदेश- बिहार बॉर्डर पर बसे गहमर गांव के पास गंगा नदी में दर्जनों शव मिली है। इतनी बड़ी संख्या में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। शवों के मिलने की सूचना जिला प्रशासन को देकर गुहार लगाई गई है कि इन्हें जल्द से जल्द सही ठिकाने लगाया जाए।
मामला, पूर्वी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र का है, जहां बिहार की तरफ बहने वाली गंगा में दर्जनों शव किनारों पर मिले हैं। शव मिलने से क्षेत्र में बदबू और दूसरे किस्म के संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा मंडराने लगा है। लोगों का कहना है कि, लकड़ी की कमी होने से लोग शव को जल में प्रवाहित कर रहे हैं। गंगा नदी में अधजले शव भी जगह-जगह उतारते हुए मिल रहे हैं।
स्थानीय लोगों की माने तो आजकल कोरोना संक्रमण के चलते मौतों का आंकड़ा कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है। हिंदू धर्म शास्त्रों को मानने वाले दो तरह से शवों का अंतिम संस्कार कर रहे हैं। एक चिता जलाकर और दूसरा शवों को जल में प्रवाहित करके। इस समय ज्यादातर लोग शव को जल में प्रवाहित कर रहे हैं।
गंगा में नाव चलाने वाले बुजुर्ग नाविक शिवदास ने बताया कि वो चालीस साल से नाव चलाने का काम कर रहे हैं, लेकिन गंगा में इतनी संख्या में बिखरे शवों का मंजर उन्होंने इससे पहले कभी नहीं देखा था। उन्होंने बताया कि दूर-दूर से लोग, बिहार से भी आकर शवों को गंगा में फेंककर चले जा रहे हैं। इससे बदबू और गंदगी काफी फैल रही है, जिससे यहां अब कोई नहाना या गंगा जल भी पीना नहीं चाहता। चारों तरफ गंगा में धारा कम होने की वजह से लाशें किनारों पर बिखरी पड़ी हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले बिहार के बक्सर जिले में गंगा नदी में कम से कम 30 शव बरामद किए गए थे। जिला प्रशासन ने दावा किया है कि बरामद शव बह कर आए हैं। कहा गया ये शव बिहार के न होकर उत्तर प्रदेश से बहकर आए हैं, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Comments
Post a Comment