कोरोना काल में दुनियाभर के लोगों की बदली आदतें, शराब पीने में सबसे आगे रहे भारतीय

 

 

नई दिल्ली: कोरोना काल में दुनियाभर में कई चीजे बदली है। लोगों का खान-पान, जीने का तरीका, रहन-सहन जैसी कई चीजों में बदलाव आया है। दुनिया के 17 देशों में कराए गए अंतरराष्ट्रीय सर्वे में सामने आया है कि लोगों के शॉपिंग करने के तरीके में खासा बदलाव आया है। यह सर्वे ग्लोबल मार्केट रिसर्च कंपनी यूगाॉव ने जिन 17 देशों में किया है, उनमें ज्‍यादातर विकसित देश शामिल थे।

इन देशों के अलावा सर्वे में तेजी से बढ़ रहे बाजारों वाले देश मैक्सिको और भारत को भी शामिल किया गया। एक खबर के अनुसार सर्वे में शामिल हुए 66% भारतीयों ने कहा कि अब वे पहले से ज्‍यादा हेल्‍दी फूड खाने लगे हैं। उनके भोजन में अब फल-सब्जियां और डेयरी प्रोडक्ट की मात्रा पहले से बढ़ गई है। इसके अलावा भारतीय लोगों ने फास्ट फूड खाना भी कम किया है।

दुनिया में जहां 28% लोगों ने ऐसा किया, वहीं भारत में 47% लोगों ने ऐसा किया है। दुनिया में 15% लोगों ने कहा कि उन्होंने पैकेज्ड फूड या रेडीमेड फूड खाना कम किया है, वहीं भारत में 32% लोगों ने ऐसा कहा। महामारी के दौरान भले ही भारत में लोगों ने पोषक भोजन को तवज्‍जो दी लेकिन उन्‍होंने शराब भी ज्‍यादा पी। भारत 29% और चीन 27% में सबसे ज्यादा लोगों ने कहा कि उन्‍होंने महामारी के दौरान पहले के मुकाबले ज्‍यादा शराब पी।

वहीं पूरी दुनिया की बात करें तो सर्वे में शामिल 25% लोगों ने कहा कि उन्‍होंने ज्‍यादा शराब पी, लेकिन करीब 20% ने यह भी कहा कि उन्‍होंने पहले से कम शराब पी। लॉकडाउन के कारण दुनियाभर में कॉस्मेटिक प्रोडक्‍ट्स की खरीदी में कमी आई। दुनिया में 33% लोगों ने कम कॉस्‍मेटिक्‍स लेने की बात कही, वहीं केवल 10% ने कहा कि उन्‍होंने ज्‍यादा कॉस्‍मेटिक्‍स खरीदे। भारत में 36% लोगों ने कहा कि अब वे पहले की तुलना में कम कॉस्मेटिक प्रोडक्ट खरीद रहे हैं।

सर्वे में इस बारे में भी सवाल पूछे गए कि लोगों ने खरीददारी कहां से की। 17 देशों के 60% ग्राहकों ने कहा स्थानीय व्‍यवसायों की मदद करने के लिए उन्‍होंने इनसे ही खरीददारी की और आगे भी ऐसा करना जारी रखेंगे।. यही वजह है कि कई देशों में छोटे बिजनेस बर्बाद होने से बच गए। इंडोनेशिया, मैक्सिको और भारत जैसे देशों में स्‍थानीय व्‍यवसायियों की मदद सबसे ज्‍यादा की गई।







Comments